साहिबगंज: साहिबगंज-बरहड़वा रेलखंड पर महाराजपुर और सकरीगली के बीच रेलवे लाइन के किनारे हो रहे कटाव को रोकने का काम जारी है। मंगलवार से शुरू हुआ कटावरोधी कार्य गुरुवार को भी चल रहा है। इसके कारण इस रेलखंड पर ट्रेन परिचालन अभी सामान्य नहीं हुआ है। रेलवे के अनुसार, शुक्रवार से डाउन लाइन पर यातायात सामान्य होने की संभावना है।
रेलवे लाइन के करीब 300 मीटर हिस्से में कटाव हो रहा है। इसमें करीब 160 मीटर का हिस्सा ज्यादा संवेदनशील है। इस जगह कटाव और रेल लाइन के बीच महज 13 मीटर की दूरी बची है। इसे देखते हुए रेलवे ने यहां काम तेज कर दिया है।
कटाव रोकने के लिए करीब 150 वैगन बोल्डर लगाए जाने हैं। बुधवार शाम तक करीब 100 वैगन बोल्डर मौके पर पहुंचाए जा चुके थे। रेलवे ने इस काम में राज्य सरकार से भी सहयोग मांगा है।
कई ट्रेनें रद्द और डायवर्ट
कटाव के कारण अब तक 6 मेल-एक्सप्रेस और 39 पैसेंजर ट्रेनें रद्द की जा चुकी हैं। वहीं 21 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों को दूसरे मार्ग से चलाया गया है। कुछ ट्रेनों को दूसरे स्टेशनों से चलाया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों की यात्रा आंशिक रूप से समाप्त की गई है।
गुरुवार को गया-हावड़ा एक्सप्रेस, भागलपुर-रांची वनांचल एक्सप्रेस, जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल और नटेसर-हावड़ा स्पेशल समेत कई ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है।
इन ट्रेनों का बदला गया रूट
20502 तेजस राजधानी एक्सप्रेस और 15657 ब्रह्मपुत्र मेल को जमालपुर-मुंगेर-कटिहार के रास्ते चलाया जाएगा।
13404 भागलपुर-रांची वनांचल एक्सप्रेस और 13072 जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस को भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट मार्ग से चलाया जाएगा।
वहीं 13024 गया-हावड़ा एक्सप्रेस और 03030 नटेसर-हावड़ा स्पेशल को किऊल-झाझा-आसनसोल के रास्ते डायवर्ट किया गया है।
दो पैसेंजर ट्रेनें छोटे स्टेशन से चलेंगी
53403 रामपुरहाट-गया पैसेंजर साहिबगंज से चलेगी, जबकि 53030 भागलपुर-अजीमगंज पैसेंजर बरहड़वा से शुरू होगी।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और रूट की जानकारी लेने की अपील की है।




