सुपौल: एसएसबी 56वीं वाहिनी की घूरना सीमा चौकी टीम ने भारत-नेपाल सीमा के पास कार्रवाई करते हुए 8 किलो गांजा बरामद किया है। मामले में एक 17 वर्षीय युवक को हिरासत में लिया गया है।
एसएसबी को गांजा तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद सहायक उप निरीक्षक के नेतृत्व में छह जवानों की टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 191/4 के पास भारतीय क्षेत्र में विशेष गश्ती शुरू की।
इसी दौरान नेपाल की ओर से साइकिल पर बोरी लेकर आ रहे एक युवक को जवानों ने रोका। तलाशी लेने पर बोरी से 8 किलो गांजा बरामद हुआ। एसएसबी ने ड्रग डिटेक्टिव किट से इसकी जांच भी की।
हिरासत में लिए गए युवक की पहचान घूरना थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव निवासी मो. नाजीर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि नेपाल के घुसकी में एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे गांजा का पैकेट दिया था और घूरना वार्ड संख्या-9 में पहुंचाने को कहा था।
एसएसबी ने जब्त गांजा और हिरासत में लिए गए युवक को आगे की कार्रवाई के लिए घूरना थाना पुलिस को सौंप दिया है।




