फॉण्ट कनवर्टर NEW

चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने विधानसभा अध्यक्ष से की मुलाकात, व्यापार-उद्योग से जुड़े मुद्दे रखे

फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष तुलसी पटेल के नेतृत्व में चैंबर के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्रनाथ महतो से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के व्यापार, उद्योग और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष तुलसी पटेल के नेतृत्व में चैंबर के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्रनाथ महतो से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के व्यापार, उद्योग और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

बैठक में होल्डिंग टैक्स की व्यवस्था की समीक्षा, कर आधार बढ़ाने, मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हर तीन महीने में राज्य स्तरीय औद्योगिक समीक्षा बैठक कराने और खासमहल भूमि को चरणबद्ध तरीके से फ्रीहोल्ड करने जैसे मुद्दे उठाए गए।

इसके अलावा राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत करने, औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ की तर्ज पर झारखंड इंडस्ट्रियल एरिया सिक्योरिटी फोर्स बनाने और ट्रेड लाइसेंस व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की गई।

व्यापारियों की सुरक्षा पर जताई चिंता

चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि राज्य के औद्योगिक विकास के लिए सरकार, प्रशासन और व्यवसायी वर्ग के बीच लगातार संवाद जरूरी है। उन्होंने कहा कि बेहतर कारोबारी माहौल के साथ सुरक्षा और प्रशासनिक सहयोग मिलने पर व्यापारी और उद्यमी अधिक निवेश कर सकेंगे।

उन्होंने हाल के दिनों में जमशेदपुर में हुई बैंक लूट और गोलीकांड जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए व्यापारियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। साथ ही उन्होंने ट्रेड लाइसेंस को वर्तमान समय में अनावश्यक बताते हुए इसे समाप्त करने पर विचार करने का आग्रह किया।

खासमहल भूमि समस्या पर कमिटी बनाने का आश्वासन

विधानसभा अध्यक्ष रविंद्रनाथ महतो ने कहा कि खासमहल भूमि की समस्या गंभीर है। इसके समाधान और फ्रीहोल्ड प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए कमिटी गठित कर पूरे मामले की समीक्षा कराने का प्रयास किया जाएगा। समीक्षा के बाद इस मुद्दे को विधानसभा में भी रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि व्यापार और उद्योग से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर विधानसभा के माध्यम से मुख्यमंत्री का ध्यान भी आकृष्ट कराया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, सह सचिव अमित शर्मा, सह सचिव पूजा ढाढा और कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग शामिल थे। इसकी जानकारी चैंबर की प्रवक्ता विनीता सिंघानिया ने दी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram