रांची: स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत रांची नगर निगम ने सफाईमित्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर 30 सितंबर को स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया। अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर और बकरी बाजार स्टोर में आयोजित ‘सफाईमित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ में करीब 1476 सफाईमित्रों की स्वास्थ्य जांच की गई।
जांच के दौरान महिला सफाईमित्रों में खून की कमी और आंखों से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। वहीं, कुछ पुरुष सफाईमित्रों में शुगर और हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत मिली।
स्वास्थ्य संबंधी समस्या पाए जाने वाले सफाईमित्रों को डॉक्टरों ने परामर्श दिया। जरूरत के अनुसार उन्हें मुफ्त दवाएं भी दी गईं। सभी सफाईमित्रों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी गई।
रांची नगर निगम ने कहा कि शहर को साफ रखने में सफाईमित्रों की अहम भूमिका है। उनके स्वास्थ्य और कल्याण को ध्यान में रखते हुए आगे भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।




