जमशेदपुर: भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट के पास रात करीब नौ बजे एक कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार सवार दो युवक और दो युवतियां मौके से भागने लगे। पुलिस ने कार का पीछा किया और करीब तीन किलोमीटर बाद बागुनहातु में उसे रोक लिया। पुलिस ने चारों को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, लाल रंग की कार ने स्कूटी को टक्कर मारी थी। हादसे में स्कूटी चालक को हल्की चोट लगी। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। इसी दौरान कार सवार लोग वहां से भागने लगे।
पुलिस ने पीछा किया तो रास्ते में कार के दो टायर ब्लास्ट हो गए। इसके बावजूद चालक ने कार नहीं रोकी और तेज रफ्तार में आगे बढ़ता रहा। सूचना मिलने के बाद सिदगोड़ा थाना की पुलिस भी पीछा करने लगी। बागुनहातु में कार अचानक रुक गई। इस दौरान कार काफी क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
कार से बीयर की बोतल और बेसबॉल बैट बरामद
पुलिस ने कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बीयर की बोतल, सिगरेट, बेसबॉल बैट समेत अन्य सामान मिला। सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद के अनुसार, कार में सवार चारों लोग नशे की हालत में थे।
पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। कार पर महाराष्ट्र का नंबर MH 12 LB 1776 दर्ज है। चारों लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस हादसे के कारणों, कार सवार लोगों की भूमिका और दुर्घटना के बाद उनके भागने की वजह की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




