Jalandhar: पंजाब के जालंधर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे से ठीक पहले सिलसिलेवार बम धमाके करने की धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया है। जालंधर के प्रागपुर में बुधवार को आयोजित होने वाली अमित शाह की विशाल जनसभा से कुछ घंटे पहले यह धमकी सामने आई। ईमेल में रैली स्थल के अलावा शहर के प्रसिद्ध देवी तालाब मंदिर, जिला अदालत परिसर और एक प्रमुख स्कूल को निशाना बनाने की बात कही गई है। इस सनसनीखेज सूचना के बाद केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ-साथ पंजाब पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है।
सुबह आया धमकी भरा ईमेल, संगठन का दावा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह धमकी भरा ईमेल मंगलवार की सुबह करीब 7:07 बजे एक साथ कई ईमेल आईडी पर भेजा गया था। मेल भेजने वाले ने खुद को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ से जुड़ा हुआ बताया है और अपना नाम इंजीनियर गुरनाख सिंह, रुकां शाहवाला व अन्य दर्ज किया है। संदेश में बेहद आपत्तिजनक, भड़काऊ और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया है। ईमेल में समय का उल्लेख करते हुए लिखा गया कि जालंधर के स्कूल को सुबह 11:11 बजे, देवी तालाब मंदिर को दोपहर 12:11 बजे, कोर्ट की कार्यवाही को दोपहर 2:11 बजे और कार्यालयों को दोपहर 3:11 बजे निशाना बनाकर बाधित किया जाएगा।
मंच के नीचे विस्फोटक और बसों में बम का दावा
धमकी भरे संदेश में दावा किया गया है कि गृह मंत्री अमित शाह के मंच के नीचे आईईडी (IED) लगाए जा चुके हैं और पूरे मंच को उड़ा दिया जाएगा। इसके साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि सभा में शामिल होने आ रहीं करीब 2000 बसों में से 2-3 बसों में बम फिट किए गए हैं। मेल में लोगों को रैली में न जाने की चेतावनी देते हुए एलआर दोआबा स्कूल मैदान से मंदिर की ओर आईईडी या फोन ट्रिगर से धमाका करने की धमकी दी गई है।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, डॉग स्क्वायड तैनात
ईमेल मिलते ही जालंधर पुलिस और सुरक्षा बलों ने रैली स्थल, देवी तालाब मंदिर और कोर्ट परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया है। बम निरोधक दस्ते (BDS) और डॉग स्क्वायड की कई टीमों ने सभी चिन्हित और संवेदनशील स्थानों पर गहन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। गृह मंत्री के दौरे को लेकर पहले से ही त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था थी, लेकिन इस मेल के बाद चप्पे-चप्पे पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।




