रांची: राजधानी के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित अशोक नगर में सार्वजनिक रास्ते को बंद करने को लेकर विवाद सामने आया है। इस मामले में रोड नंबर-1 निवासी शारीफ इब्राहीम ने डीआईजी आलोक प्रियदर्शी के खिलाफ अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शारीफ इब्राहीम ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि 28 सितंबर की शाम करीब 6 बजे उनके घर तक जाने वाली सार्वजनिक सड़क पर डीआईजी की सरकारी गाड़ी संख्या JH01CC 2556 खड़ी कर दी गई। उनका आरोप है कि इससे सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और उनका परिवार घर से बाहर नहीं निकल सका।
शारीफ ने यह भी आरोप लगाया कि रास्ता बंद करने का विरोध करने पर डीआईजी अपने बॉडीगार्ड के साथ वहां पहुंचे और उन्हें एके-47 से गोली मारने की धमकी दी। शिकायत में उन्होंने केस में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
शारीफ का कहना है कि घटना के बाद वह और उनका परिवार डर के माहौल में हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, अशोक नगर सोसायटी के अध्यक्ष ने कहा कि रोड नंबर-1 का यह रास्ता लंबे समय से सार्वजनिक आवागमन के लिए इस्तेमाल होता रहा है। उनके अनुसार, करीब 50 वर्षों से लोग इसी रास्ते से आना-जाना कर रहे हैं। सोसायटी अध्यक्ष ने रास्ता बंद किए जाने को गलत बताया है।
मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




