रांची: झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर बुधवार को राज्यव्यापी बंद का असर कई जिलों में देखने को मिल रहा है। बोकारो, पलामू और गुमला समेत विभिन्न जिलों में झारखंड आंदोलनकारी, किसान और मजदूर सड़कों पर उतरकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारी विस्थापन की समस्या, लंबित मांगों और कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। आंदोलनकारियों की मांग है कि विस्थापितों को उचित मुआवजा, रोजगार और पुनर्वास की सुविधा दी जाए। इसके साथ ही विस्थापन आयोग का गठन करने की भी मांग की गई है।
झारखंड आंदोलनकारियों ने सभी आंदोलनकारियों को समान पेंशन देने और उनके बेटे-बेटियों को सरकारी नौकरी में सीधी नियुक्ति देने की मांग उठाई है। वहीं किसानों के लिए 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को हर महीने 10 हजार रुपये पेंशन और कर्जमाफी की मांग भी की गई है।
बंद के दौरान विभिन्न जिलों में प्रदर्शन और नारेबाजी की जा रही है। आंदोलनकारियों ने सरकार से उनकी मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की है।




