पटना : बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति का दायित्व संभालने पर पूर्व उपसभापति डॉ. प्रो. राम बचन राय को ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के मंत्री और जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने बधाई दी।
मंगलवार को श्रवण कुमार विधान परिषद के सभापति कार्यालय पहुंचे और राम बचन राय का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान श्रवण कुमार ने कहा कि राम बचन राय को राजनीतिक, शैक्षणिक और विधायी कार्यों का लंबा अनुभव है। उन्होंने कहा कि उच्च सदन के महत्वपूर्ण पद पर उनका आना बिहार के संसदीय जीवन के लिए महत्वपूर्ण है।
2021 में बने थे विधान परिषद सदस्य
डॉ. राम बचन राय वर्ष 2021 में राज्यपाल कोटे से बिहार विधान परिषद के सदस्य बने थे। इससे पहले वर्ष 2015 में उन्हें विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल का उपनेता बनाया गया था। जुलाई 2024 से वे विधान परिषद के उपसभापति के रूप में कार्य कर रहे थे।
राम बचन राय पटना विश्वविद्यालय में हिंदी के प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष भी रह चुके हैं। वे राजनीति के साथ शिक्षा और साहित्य से भी जुड़े रहे हैं।
संसदीय परंपराओं को मजबूत करने की उम्मीद
श्रवण कुमार ने कहा कि राम बचन राय के अनुभव का लाभ विधान परिषद को मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में सदन की गरिमा, संसदीय मर्यादा और लोकतांत्रिक परंपराएं और मजबूत होंगी।
इस मौके पर विधान परिषद सदस्य संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, वीरेंद्र नारायण यादव और एमएलसी ललन प्रसाद भी मौजूद रहे।




