रांची: वियतनाम में सड़क दुर्घटना में मृत रांची निवासी राजा कुमार बंसी का पार्थिव शरीर रांची लाने के लिए जिला प्रशासन प्रयास कर रहा है। राज्य सरकार के निर्देश पर प्रशासन संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर रहा है।
राजा कुमार बंसी की 25 सितंबर 2026 को वियतनाम में सड़क दुर्घटना हुई थी। जिला प्रशासन के अनुसार, 26 सितंबर की सुबह उनकी मृत्यु हो गई।
परिजनों ने DC से की मुलाकात
मृतक के परिजनों ने मंगलवार को रांची के DC मंजूनाथ भजन्त्री से मुलाकात की। परिजन समाहरणालय स्थित DC कार्यालय पहुंचे और पार्थिव शरीर को जल्द रांची लाने को लेकर प्रशासन से जानकारी ली।
जिला प्रशासन ने परिजनों को बताया कि पार्थिव शरीर को जल्द रांची लाने के लिए संबंधित विभागों के साथ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की ओर से परिवार को हर संभव सहायता देने का प्रयास किया जा रहा है।
संबंधित विभागों से समन्वय
जिला प्रशासन राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार संबंधित विभागों के संपर्क में है। प्रशासन का कहना है कि शोकाकुल परिवार को राहत पहुंचाने और पार्थिव शरीर को जल्द रांची लाने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
इस दौरान शांति समिति के सदस्य जय सिंह यादव, रांची नगर निगम के वार्ड संख्या-27 के पार्षद और मृतक के परिजन मौजूद रहे। राजा कुमार बंसी कांके नगर निवासी बताए गए हैं।




