धनबाद: अवैध कोयला खनन और चोरी के खिलाफ CISF ने धनबाद में बड़ा अभियान चलाया। BCCL प्रबंधन और स्थानीय पुलिस-प्रशासन के सहयोग से 14 संवेदनशील इलाकों में सोमवार से मंगलवार सुबह तक छापेमारी और जांच की गई।
अभियान के दौरान CISF ने करीब 3.1 टन अवैध कोयला और एक बाइक जब्त की। एरिया-05 के SBC चेक पोस्ट के पास करीब 100 किलो और एरिया-11 के सुदामडीह दामोदर ब्रिज के पास करीब तीन टन कोयला बरामद हुआ।
अवैध खनन स्थल कराया गया बंद
कटहलधौड़ा बस्ती के पास एक अवैध खनन स्थल मिला, जिसे मौके पर समतल कराया गया। कई अन्य जगहों पर रैट-होल और अवैध मुहाने भी मिले। इन्हें बंद कराने के लिए BCCL प्रबंधन के साथ कार्रवाई की जा रही है।
ड्रोन से हॉटस्पॉट पर नजर
CISF ने अभियान के दौरान ड्रोन से संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की। एरिया-03 और एरिया-12 के चिन्हित हॉटस्पॉट पर विशेष नजर रखी गई। इसके साथ ही जवानों ने इलाके में गश्त और एरिया डोमिनेशन भी किया।
173 वाहनों की जांच
कोयला परिवहन मार्गों, चेक पोस्ट और साइडिंग पर 173 कोयला लदे वाहनों की जांच की गई। इनमें 151 वाहनों का एम-परिवहन के जरिए सत्यापन हुआ। जांच में किसी वाहन में संदिग्ध गतिविधि या दस्तावेजों की गड़बड़ी नहीं मिली।
सूचना के लिए नंबर जारी
CISF ने लोगों से अवैध खनन, कोयला चोरी, भंडारण और परिवहन की जानकारी देने की अपील की है। इसके लिए 9341528406 नंबर जारी किया गया है। इस नंबर पर केवल संदेश के जरिए सूचना देने को कहा गया है।




