कोलकाता: एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ED) ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के पूर्व पर्यटन मंत्री और गायक-नेता इंद्रनील सेन से जुड़े ठिकानों पर तलाशी ली। ED की अलग-अलग टीमों ने कोलकाता में 10 जगहों पर एक साथ कार्रवाई की। इनमें दक्षिण कोलकाता के कस्बा स्थित इंद्रनील सेन का घर भी शामिल है।
ED की यह कार्रवाई दुर्गा पूजा से पहले बेचे गए टिकट और पास में कथित तौर पर UNESCO के नाम और लोगो के इस्तेमाल तथा उससे जुड़े पैसों के लेन-देन की जांच के तहत की गई। कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) की धारा 17 के तहत की गई। तलाशी के दौरान अधिकारियों ने मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य सामान की जांच की।
60 करोड़ रुपये के लेन-देन का आरोप
मामले में आरोप है कि UNESCO के नाम का इस्तेमाल कर दुर्गा पूजा टूर और प्रीव्यू शो के लिए पास बेचे गए। शुरुआती जानकारी में करीब 60 करोड़ रुपये के लेन-देन की बात सामने आई है। हालांकि, यह राशि शुरुआती अनुमान पर आधारित है और इसकी जांच अभी जारी है।
जून 2026 में बोबाजार थाने में इंद्रनील सेन, उनकी पत्नी मधुछंदा सेन और ‘मास आर्ट’ से जुड़े लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता ने UNESCO के नाम और लोगो के कथित इस्तेमाल तथा प्री-पूजा टिकटों की बिक्री पर सवाल उठाए थे।
MassArt से जुड़ा है मामला
शिकायत के अनुसार, ‘मास आर्ट’ यानी महानिर्वाण रोड मास आर्ट सोसाइटी की स्थापना 2022 में हुई थी और मधुछंदा सेन इससे जुड़ी हैं। आरोप लगाया गया कि संस्था ने कोलकाता की दुर्गा पूजा को बढ़ावा देने के लिए UNESCO के साथ आधिकारिक साझेदारी होने का दावा किया था।
शिकायतकर्ता ने इस दावे को गलत बताते हुए आरोप लगाया कि UNESCO के नाम और लोगो का इस्तेमाल कर दुर्गा पूजा के प्रीव्यू शो के टिकट और पास बेचे गए। इसी मामले में बाद में ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू की जांच शुरू की।
24 पूजा पंडालों के लिए बेचे गए थे पास
जांच से जुड़े आरोपों के मुताबिक, कोलकाता के करीब 24 दुर्गा पूजा पंडालों के प्रीव्यू शो के लिए पास बेचे गए थे। इनकी कीमत करीब 1,749 से 5,499 रुपये तक बताई गई है।
शिकायत में दावा किया गया कि संस्था की ओर से कहा गया था कि UNESCO ने इन 24 पूजा पंडालों का चयन किया है। इस दावे पर भी शिकायतकर्ता ने सवाल उठाए हैं।
10 जगहों पर हुई तलाशी
ED की टीमों ने कस्बा, हिंदुस्तान पार्क और हाइलैंड पार्क समेत कोलकाता की 10 जगहों पर तलाशी ली। इनमें इंद्रनील सेन से जुड़े परिसर और इवेंट मैनेजमेंट से जुड़े एक कारोबारी का परिसर भी शामिल बताया गया है।
ED पैसों के लेन-देन, दस्तावेजों और प्रीव्यू शो के नाम पर जुटाई गई रकम के इस्तेमाल की जांच कर रही है। इंद्रनील सेन या ‘मास आर्ट’ की ओर से कार्रवाई को लेकर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।




