फॉण्ट कनवर्टर NEW

झारखंड में 1 अक्टूबर से शुरू होगी जंगल सफारी, ऑनलाइन बुकिंग शुरू

झारखंड के जंगलों में घूमने के शौकीन पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। राज्य में 1 अक्टूबर से जंगल सफारी शुरू होगी। मौसम साफ रहने और कच्चे रास्तों की समय पर मरम्मत होने के कारण इस बार सफारी पिछले साल की तुलना में पहले शुरू

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: झारखंड के जंगलों में घूमने के शौकीन पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। राज्य में 1 अक्टूबर से जंगल सफारी शुरू होगी। मौसम साफ रहने और कच्चे रास्तों की समय पर मरम्मत होने के कारण इस बार सफारी पिछले साल की तुलना में पहले शुरू की जा रही है। सफारी के लिए ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू हो गई है।

पिछले साल पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) और दलमा में सफारी अक्टूबर के तीसरे सप्ताह से शुरू हुई थी। इस बार तैयारियां समय पर पूरी होने के कारण पर्यटक 1 अक्टूबर से ही जंगल सफारी का आनंद ले सकेंगे।

नए बैटरी वाहनों से जंगल की सैर

मुख्य वन संरक्षक, वन्य प्राणी एसआर नटेश ने बताया कि पर्यटकों को खुले वाहनों से जंगल घूमने की सुविधा दी जाएगी। इस बार भी नए बैटरी आधारित वाहनों से पर्यटक जंगल और वन्यजीवों को करीब से देख सकेंगे।

मानसून के दौरान वन विभाग वन्यजीवों से जुड़े आंकड़े जुटाता है। इन आंकड़ों को अक्टूबर के दूसरे सप्ताह तक केंद्रीय वन्यजीव प्रबंधन संस्थान को भेजा जाएगा। इसके बाद दिसंबर में केंद्र सरकार की ओर से आंकड़े जारी किए जाएंगे।

लातेहार में बनेगी टाइगर सफारी

झारखंड सरकार ने लातेहार जिले में टाइगर सफारी बनाने की योजना बनाई है। इसके लिए वन विभाग की जमीन को चिह्नित कर लिया गया है। सरकार की योजना 2028 से पहले टाइगर सफारी शुरू करने की है।

प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण करने के लिए नवंबर में केंद्रीय वन्यजीव संस्थान की टीम लातेहार आएगी। इसके अलावा गिरिडीह और दुमका में प्रस्तावित चिड़ियाघरों के लिए डीपीआर तैयार करने का काम भी चल रहा है।

इससे आने वाले समय में झारखंड में जंगल सफारी के साथ वन्यजीव पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram