कांके : कांके प्रखंड के इचापीरी पंचायत में वर्षों से चले आ रहे पारिवारिक जमीन विवाद को पंचायत स्तर पर रविवार को आपसी सहमति से सुलझाने की पहल की गई। पंचायत भवन में मुखिया लाखो उरांव की अध्यक्षता में हुई बैठक में वर्ष 2010 से 102 डिसमिल जमीन को लेकर चल रहे विवाद पर विस्तृत चर्चा हुई।

विवाद इचापीरी गांव निवासी तीन सगे भाइयों बुद्धदेव उरांव, सुखदेव उरांव और लालसाई उरांव के बीच चल रहा था। जमीन विवाद के कारण मामला न्यायालय तक पहुंच गया था और वर्तमान में लंबित है। बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सभी पक्षों की बात सुनी। इसके बाद 102 डिसमिल जमीन को तीनों भाइयों के बीच बराबर-बराबर बांटने का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर सभी ने सहमति जताई।
तीनों भाइयों ने वर्षों से चले आ रहे मनमुटाव को समाप्त कर आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने का निर्णय लिया। मुखिया लाखो उरांव ने कहा कि बातचीत और आपसी समझदारी से पारिवारिक एवं सामाजिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान संभव है। उन्होंने ग्रामीणों से विवादों को मिल-बैठकर सुलझाने की अपील की।
बैठक में पंचायत समिति सदस्य अईनुल हक अंसारी, उपमुखिया मोहम्मद गुफरान अंसारी, पंचायत सहायक इम्तियाज अहमद समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।




