रांची। युवा कांग्रेस महासचिव एवं रांची विधानसभा प्रभारी रोहित सिन्हा ने मंगलवार को झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की से मुलाकात की। इस दौरान राज्य में कृषि और किसानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
रोहित सिन्हा ने किसानों के हित में मंत्री द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि झारखंड की बड़ी आबादी कृषि पर निर्भर है। किसानों को मजबूत किए बिना राज्य का विकास संभव नहीं है।
उन्होंने कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, सिंचाई की बेहतर व्यवस्था, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य, बेहतर बाजार और युवाओं को कृषि से जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही रांची विधानसभा क्षेत्र सहित राज्य के किसानों की विभिन्न समस्याओं को मंत्री के सामने रखा।
रोहित सिन्हा ने सहकारिता विभाग के माध्यम से किसानों को बीज, खाद, कृषि उपकरण, ऋण और उनकी उपज के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने प्राथमिक कृषि साख समितियों (PACS) को और मजबूत करने की दिशा में विशेष पहल करने का आग्रह किया।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि किसानों का हित और कृषि क्षेत्र का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। किसानों को बेहतर सुविधाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभाग लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों से जुड़े मुद्दों को सामने लाना सकारात्मक पहल है और सरकार सुझावों को गंभीरता से लेकर कृषि क्षेत्र को मजबूत करने का प्रयास कर रही है।




