चैनपुर (गुमला)। चैनपुर प्रखंड सभागार में सोमवार को भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (VB-G RAM G) को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में मिशन के तहत संचालित योजनाओं, रोजगार सृजन और पंचायत स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न प्रावधानों की जानकारी पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित कर्मियों को दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान कनीय अभियंता संदीप तिवारी ने उपस्थित मुखिया, रोजगार सेवक, पंचायत सेवक एवं पंचायत समिति सदस्यों को VB-G RAM G के तहत उनकी जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने योजनाओं को निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप संचालित करने पर विशेष जोर दिया।
संदीप तिवारी ने प्रशिक्षण के दौरान 60:40 अनुपात से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में 125 दिनों के रोजगार सृजन से जुड़े प्रावधानों को भी विस्तार से समझाया गया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन होने से ग्रामीणों को रोजगार के अधिक अवसर मिल सकेंगे और सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जा सकेगा।
प्रशिक्षण में पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं की नियमित निगरानी और मूल्यांकन को भी महत्वपूर्ण बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि योजनाओं के कार्यों का समय-समय पर निरीक्षण और प्रगति की समीक्षा जरूरी है। इससे कार्यों में पारदर्शिता बनी रहेगी तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली कमियों को समय रहते दूर किया जा सकेगा।
प्रशिक्षण के दौरान संबंधित कर्मियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को योजनाओं की प्रगति पर नियमित नजर रखने, निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने तथा ग्रामीणों को रोजगार से जोड़ने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में मौजूद पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मियों ने VB-G RAM G से संबंधित विभिन्न प्रावधानों की जानकारी ली। प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायत स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और रोजगारपरक बनाना रहा।





