रांची: राजधानी रांची में तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों पर अब ट्रैफिक पुलिस की नजर रहेगी। शहर के कई प्रमुख स्थानों पर स्पीड वायलेशन डिटेक्टर (SVD) कैमरे लगाए गए हैं।
इन कैमरों से वाहन की स्पीड और नंबर प्लेट रिकॉर्ड होगी। तय गति सीमा 40 या 60 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा होने पर वाहन का ऑनलाइन चालान कटेगा। चालान की जानकारी वाहन मालिक के मोबाइल पर भेजी जाएगी।
पहली बार तेज रफ्तार पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। तीन से ज्यादा बार चालान होने पर वाहन को जब्त भी किया जा सकता है। समय पर चालान नहीं भरने पर पुलिस वाहन को ट्रैक कर सकती है।
इन जगहों पर लगे हैं कैमरे
- खरसीदाग, रांची-टाटा मार्ग
- शहीद मैदान, धुर्वा
- रामपुर रिंग रोड से रांची सिटी रोड
- तिलता रिंग रोड से रांची सिटी रोड
- पिस्कामोड़ से रवि स्टील चौक
- पंडरा
- हिनू एयरपोर्ट रोड
- सैटेलाइट कॉलोनी से डिबडीह ब्रिज
- रांची कॉलेज प्ले ग्राउंड से स्टेट गेस्ट हाउस
- मेसरा रेलवे ओवरब्रिज से डीपीएस ग्रेटर रांची
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि कैमरे लगाने का मकसद सिर्फ जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि सड़क हादसों को कम करना और लोगों की सुरक्षा बढ़ाना है। पुलिस ने वाहन चालकों से तय गति सीमा में गाड़ी चलाने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है।




