New Delhi: बिहार के लखीसराय जिले स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में सोमवार को मची भगदड़ में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए। इस दर्दनाक हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई प्रमुख नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। राज्य सरकार ने मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
Read more: Lakhisarai Temple Stampede: अशोक धाम में कैसे मची भगदड़? डीएम ने बताई पूरी वजह
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने क्या कहा?
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया के जरिए संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि बिहार के लखीसराय में भगदड़ की दुर्घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने शोक-संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने जानकारी दी कि लखीसराय में हुई मौतों से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। पीएम मोदी ने कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की और बताया कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हर संभव मदद कर रहा है।
अन्य नेताओं की क्या रही प्रतिक्रिया?
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने इस हादसे को हृदयविदारक बताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के स्वस्थ होने की प्रार्थना की। वहीं, बिहार सरकार की मंत्री श्रेयसी सिंह ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि हादसे में 7 महिलाओं के निधन से मन अत्यंत व्यथित है।
Read more: अशोकधाम भगदड़ पर बोले मंत्री विजय सिन्हा, जांच के बाद होगी कार्रवाई
जेडीयू नेता का बयान
जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नेता राजीव रंजन ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और श्रद्धालुओं की मौत की खबर दिल दहला देने वाली है। उन्होंने बताया कि स्थानीय एसडीपीओ ने कुछ अफवाहों का जिक्र किया है, लेकिन जब तक सरकार पूरे घटनाक्रम पर आधिकारिक पक्ष सामने नहीं रखती, तब तक पक्के तौर पर कुछ भी कहना उचित नहीं होगा।





