नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोमवार को पार्टी के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को सौंपा और इसे स्वीकार करने का अनुरोध किया।
पूनावाला ने अपने इस्तीफे की कॉपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी शेयर की। उन्होंने बताया कि 30 जुलाई को ही उन्होंने नितिन नबीन को पत्र लिखकर पार्टी के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की पेशकश की थी। उस समय पार्टी ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया था और फैसले पर दोबारा विचार करने को कहा था।
Resignation Letter.
With utmost humility, sense of affection & gratitude i have once again submitted my resignation letter to @BJP4India & Hon’ble Shri @NitinNabin ji & have requested that the same be accepted.
Eternally grateful for guidance, love, respect and platform that… pic.twitter.com/yUvyJiWNdX
— Shehzad Jai Hind (@Shehzad_Ind) August 17, 2026
निजी और आर्थिक कारणों का दिया हवाला
पूनावाला ने अपने इस्तीफे की वजह जरूरी आर्थिक और निजी परिस्थितियों को बताया है। उन्होंने कहा कि लंबे विचार-विमर्श के बाद उन्होंने राष्ट्रीय प्रवक्ता और BJP की सक्रिय सदस्यता से अलग होने का अंतिम फैसला लिया है।
उन्होंने यह भी बताया कि अब वह निजी क्षेत्र में जाने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और BJP के विजन का समर्थन जारी रखने की बात कही है।
कहा- पार्टी की व्यवस्था छोड़ रहा हूं, विचार नहीं
इस्तीफे के पत्र में पूनावाला ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने साफ किया कि BJP से संगठनात्मक रूप से अलग होने के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी और पार्टी के विजन के प्रति उनका समर्थन बना रहेगा।
पूनावाला का यह इस्तीफा ऐसे समय आया है जब उनके 30 जुलाई के इस्तीफे के बाद से ही उनके BJP छोड़ने को लेकर अटकलें चल रही थीं। अब उन्होंने दोबारा इस्तीफा देकर पार्टी नेतृत्व से इसे स्वीकार करने का आग्रह किया है।




