Tarapith: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल तारापीठ में सोमवार तड़के एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। तारापीठ थाने के समीप तालाब किनारे स्थित ‘विदेशिनी होटल’ में भोर करीब 4:30 बजे अचानक भयंकर आग लग गई। इस अग्निकांड में 6 लोगों की दम घुटने और झुलसने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया आग पर काबू
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां और स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद होटल में फैली आग पर नियंत्रण पाया और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा गया है, जहां कई लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच में जुटा प्रशासन
प्राथमिक जांच के आधार पर दमकल विभाग का अनुमान है कि आग संभवतः बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। मामले पर बीरभूम के एएसपी नीलेश श्रीकांत गाइकर ने बताया कि राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाए गए हैं। अब तक करीब 11 से 12 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
गौरतलब है कि इसी दिन सुबह पड़ोसी राज्य बिहार के लखीसराय जिले में भी एक मंदिर के बाहर मची भगदड़ में कम से कम 7 श्रद्धालुओं की जान चली गई और 12 से अधिक लोग घायल हो गए।





