फॉण्ट कनवर्टर NEW

बाइक-स्कूटी की भीषण टक्कर में युवक की मौत, दो घायल

गुमला जिले के कामडारा थाना क्षेत्र के बरटोली के पास रविवार को बाइक और स्कूटी की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

अपनी भाषा में पढ़ें

गुमला: गुमला जिले के कामडारा थाना क्षेत्र के बरटोली के पास रविवार को बाइक और स्कूटी की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। मृतक की पहचान रायकेला टोलंगा टोली निवासी रोहित तोपनो के रूप में हुई है। वहीं घायलों में गाड़ा निवासी विनीत बारला और अविनाश उरांव शामिल हैं।

मिशन मैदान से लौटते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, विनीत बारला और अविनाश उरांव कामडारा मिशन मैदान में खेल देखने के बाद बाइक से तुरबुल चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से रोहित तोपनो स्कूटी से मिशन मैदान की ओर आ रहे थे। बरटोली के पास दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद स्कूटी में लगी आग

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि रोहित हेलमेट पहने हुए ही रेलिंग से टकराकर स्कूटी समेत पानी से भरे खेत में जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद स्कूटी में आग लग गई और रोहित उसके नीचे दब गए। आग में झुलसने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं बाइक सवार विनीत और अविनाश सड़क पर गिरने से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही कामडारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कामडारा में भर्ती कराया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गुमला भेज दिया है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और टक्कर के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram