डुमरी। डुमरी थाना क्षेत्र के नवाडीह चौक में 15 अगस्त को पुराने लेन-देन के विवाद को लेकर एक व्यक्ति पर तलवार से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में नवाडीह चौक निवासी शमीम अंसारी के सिर के पीछे गंभीर चोट लगी है। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना को लेकर घायल शमीम अंसारी के पुत्र जुनैद अंसारी ने डुमरी थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि संजू कुजूर अपनी पत्नी फूलमती कुजूर के साथ शमीम अंसारी की दुकान पर पहुंचा था। इसी दौरान फूलमती कुजूर ने शमीम को पकड़ लिया और संजू कुजूर ने तलवार से उनके सिर पर वार कर दिया। हमले में शमीम गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से चला गया।
आरोपी ने बताया विवाद का दूसरा पक्ष
इधर, आरोपी संजू कुजूर ने पुलिस के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए बताया कि शमीम अंसारी के साथ उसका पुराना लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। संजू के अनुसार, 15 अगस्त को वह अपने बच्चे को स्कूल पहुंचाने गया था, जहां शमीम अंसारी से विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान शमीम ने उसकी बाइक की चाबी ले ली और उसके साथ हाथापाई की।
संजू ने बताया कि बाद में उसकी पत्नी फूलमती कुजूर बाइक की चाबी मांगने शमीम की दुकान पर गई। वहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने शमीम पर हमला कर दिया।
घटना के बाद संजू कुजूर डुमरी थाना पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया।
प्राथमिकी दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया
डुमरी थाना प्रभारी शशि प्रकाश ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी संजू कुजूर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। हमले में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य बिंदुओं की जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।






