Kolkata : पश्चिम बंगाल के तारापीठ में सोमवार सुबह एक होटल में भीषण आग लग गई। हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से बीमार बताए जा रहे हैं। आग से होटल का एक हिस्सा पूरी तरह जल गया।
जानकारी के अनुसार, मां तारा मंदिर के पास स्थित होटल में सुबह करीब 4:30 बजे आग लगी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। हादसे के समय होटल श्रद्धालुओं और अन्य मेहमानों से भरा हुआ था। ज्यादातर लोग अपने कमरों में सो रहे थे।
आग लगते ही होटल का फायर अलार्म बज गया, जिससे कई लोग समय रहते बाहर निकल गए। हालांकि, होटल में धुआं फैलने से कई लोगों का दम घुटने लगा और उनकी तबीयत बिगड़ गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव की टीमें मौके पर पहुंचीं। होटल से लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
श्रावण के आखिरी सोमवार को तारापीठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। ऐसे में होटल में आग लगने की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।




