Dumka : झारखंड की उपराजधानी दुमका में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्य समारोह आयोजित किया गया। समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने तिरंगा फहराया और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद और रानी लक्ष्मीबाई समेत सभी स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने झारखंड के भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, तिलका मांझी और नीलांबर-पीतांबर के योगदान को भी याद किया।
राज्यपाल ने कहा कि झारखंड के विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण और सुशासन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि स्कूलों में पुस्तकालय, डिजिटल उपकरण और प्रयोगशालाओं की सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मांकी मुंडा छात्रवृत्ति योजना के तहत तकनीकी पाठ्यक्रमों में पढ़ने वाली छात्राओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में RIMS-2 और राज्य के विभिन्न जिलों में नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की दिशा में काम चल रहा है। किसानों के लिए धान खरीद और MSP के साथ बोनस देने की भी जानकारी दी गई।
राज्यपाल ने बताया कि उद्योग, पर्यटन, IT, AI और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में निवेश बढ़ाने के लिए 99 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के 40 MoU किए गए हैं। संथाल परगना के जिलों को Export Hub के रूप में विकसित करने के लिए भी Action Plan तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं पर चिंता जताते हुए परीक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत बताई। साथ ही महिला सशक्तिकरण, PESA कानून, पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया।
राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत के साथ विकसित झारखंड के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी से मिलकर राज्य के विकास में योगदान देने की अपील की। संबोधन का समापन ‘जय हिंद, जय झारखंड’ के उद्घोष के साथ हुआ।




