फॉण्ट कनवर्टर NEW

स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ पर देशभर में होंगे विशेष कार्यक्रम, MHA ने जारी की गाइडलाइन

स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ को लेकर गृह मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस बार स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों में जनभागीदारी, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विविधता पर जोर दिया गया है।

अपनी भाषा में पढ़ें

नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ को लेकर गृह मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस बार स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों में जनभागीदारी, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विविधता पर जोर दिया गया है।

गृह मंत्रालय के अनुसार, राज्य से लेकर पंचायत स्तर तक सभी ध्वजारोहण कार्यक्रम सुबह 9 बजे के बाद आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में पहले राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’, फिर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रगान, मुख्य अतिथि का संबोधन और अंत में फिर राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान होगा।

राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री, जिला स्तर पर मंत्री या प्रशासनिक अधिकारी और पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि ध्वजारोहण करेंगे।

‘एट होम’ समारोह में आम लोगों को प्राथमिकता

राज्यपाल और उपराज्यपाल के आवास पर होने वाले ‘एट होम’ कार्यक्रम में समाज के जमीनी स्तर पर काम करने वाले लोगों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। इनमें दिव्यांगजन, स्वच्छाग्रही, पर्यावरणविद, खिलाड़ी, शहीदों के परिजन, शिक्षक, स्वास्थ्यकर्मी, महिला सरपंच और बहादुरी पुरस्कार पाने वाले बच्चे शामिल होंगे।

343 स्थानों पर स्कूली बैंड का प्रदर्शन

देशभर में करीब 343 प्रमुख स्थानों पर स्कूली बैंड के प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले बैंड को राजभवनों में होने वाले ‘एट होम’ कार्यक्रम में प्रस्तुति का मौका मिलेगा। इसके साथ ही स्वच्छता और वृक्षारोपण अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए हैं।

लाल किले पर होगा मुख्य समारोह

देश का मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह दिल्ली के लाल किले पर आयोजित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सशस्त्र बलों और दिल्ली पुलिस की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद 21 तोपों की सलामी और वायुसेना की ओर से पुष्प वर्षा होगी। प्रधानमंत्री देश को संबोधित भी करेंगे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram