फॉण्ट कनवर्टर NEW

छात्रों की आवाज दबाने का आरोप, भाजपा सांसदों ने संसद में किया प्रदर्शन

झारखंड में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा सांसदों ने गुरुवार को संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया। झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में सांसदों ने मकर द्वार पर नारेबाजी की।

अपनी भाषा में पढ़ें

नई दिल्ली: झारखंड में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा सांसदों ने गुरुवार को संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया। झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में सांसदों ने मकर द्वार पर नारेबाजी की।

भाजपा सांसदों ने झारखंड सरकार पर छात्रों के साथ दमनात्मक रवैया अपनाने का आरोप लगाया। सांसदों ने कहा कि छात्र रोजगार, नियुक्ति, परीक्षा और रिजल्ट से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। सरकार को उनकी समस्याएं सुनकर बातचीत के जरिए समाधान निकालना चाहिए।

भाजपा नेताओं ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई उचित नहीं है। उन्होंने इसे छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया और सरकार से कार्रवाई की समीक्षा करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा सांसदों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी दूसरे मुद्दों पर अपनी बात रखते हैं, लेकिन झारखंड के छात्रों के आंदोलन पर चुप हैं।

आदित्य साहू ने कहा कि युवा झारखंड का भविष्य हैं और उनकी आवाज को दबाने के बजाय उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। भाजपा ने कहा कि छात्रों के मुद्दे को संसद में उठाने के साथ पार्टी आगे भी उनके समर्थन में आवाज उठाती रहेगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram