Ranchi : रांची व्यवहार न्यायालय में 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर बुधवार को रांची में एक बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता न्यायायुक्त सह अध्यक्ष अनिल कुमार मिश्रा-1 ने की। इसमें व्यवहार न्यायालय के सभी न्यायिक पदाधिकारी और न्यायिक दंडाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में ज्यादा से ज्यादा लंबित मामलों का निपटारा करने पर जोर दिया गया। न्यायायुक्त ने संबंधित न्यायालयों को मामलों में जल्द नोटिस तामील कराने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक लोग लोक अदालत का लाभ उठा सकें।
लोक अदालत में आपसी सहमति से आपराधिक सुलहनीय मामले, दीवानी विवाद, चेक बाउंस के मामले, श्रम विवाद, पारिवारिक और वैवाहिक विवादों का निपटारा किया जाएगा। इसके अलावा बिजली, पानी, वन विभाग, उत्पाद, ट्रैफिक चालान, भूमि अधिग्रहण, मोटर वाहन और माप-तौल से जुड़े मामलों का भी समाधान होगा।
डालसा सचिव ने लोगों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत में शामिल होकर अपने लंबित मामलों का आपसी सहमति से निपटारा कराएं। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी।




