नई दिल्ली। झारखंड में आंदोलन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को संसद भवन परिसर के मकर द्वार पर NDA सांसदों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने किया।
झारखंड और ओडिशा के NDA सांसदों ने हाथों में तख्तियां लेकर झारखंड सरकार और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की। सांसदों ने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे युवाओं पर पुलिस ने बल प्रयोग किया, जो उचित नहीं है।
आदित्य साहू ने कहा कि छात्रों और युवाओं की समस्याओं को लेकर राहुल गांधी देश के दूसरे राज्यों में आवाज उठाते हैं, लेकिन झारखंड में छात्रों पर हुई कार्रवाई के मामले में चुप हैं। उन्होंने कांग्रेस पर छात्र मुद्दों को लेकर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारी सांसदों ने झारखंड के अभ्यर्थियों के साथ न्याय करने और लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
सांसदों ने कहा कि झारखंड का छात्र आंदोलन अब राज्य की सीमा से बाहर निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।




