जमशेदपुर: JPSC और JSSC अभ्यर्थियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में बीजेपी की ओर से बुलाए गए झारखंड बंद का जमशेदपुर में मिला-जुला असर देखने को मिला। मंगलवार सुबह से ही बीजेपी नेता और कार्यकर्ता शहर के अलग-अलग इलाकों में निकले। उन्होंने दुकानदारों से दुकानें बंद रखने की अपील की। कई जगहों पर कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला और बाजारों का दौरा किया।
मानगो बस स्टैंड और भुईयाडीह इलाके में पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां कार्यकर्ताओं के साथ बंद को सफल बनाने में जुटे रहे। वहीं, बागबेड़ा में सुबोध झा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की।
कदमा, सोनारी, जुगसलाई, बिष्टुपुर, साकची, परसूडीह और सुंदरनगर में भी बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बाजारों का दौरा किया। गोलमुरी बाजार में बंद का असर ज्यादा देखने को मिला और कई दुकानें बंद रहीं। हालांकि, शहर के कई अन्य इलाकों में दुकानें सामान्य रूप से खुली रहीं।
बंद के दौरान यातायात पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। ऑटो और अन्य यात्री वाहन सामान्य रूप से चलते रहे। सुबह से कार्यकर्ताओं की सक्रियता के बावजूद शहर में बंद का व्यापक असर नहीं दिखा।
बीजेपी ने अस्पताल, एंबुलेंस, मेडिकल दुकान और स्कूल जैसी जरूरी सेवाओं को बंद से बाहर रखा है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन ने प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं।
read more : पानी में दिखा युवा तैराकों का दम, 70 खिलाड़ियों के बीच जोरदार मुकाबला




