पटना: आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने अपनी शादी और ऐश्वर्या राय से तलाक को लेकर खुलकर बात की है। ‘भोजपुर बवाल शो’ के एक प्रोमो में उन्होंने कहा कि दोनों की सोच और जीवन जीने का तरीका अलग था।
तेजप्रताप ने खुद को पूजा-पाठ और मंदिर जाने वाला व्यक्ति बताया। उन्होंने दावा किया कि ऐश्वर्या की ओर से उनकी धार्मिक गतिविधियों को लेकर रोक-टोक की जाती थी। बातचीत के दौरान उन्होंने ऐश्वर्या पर अपनी मां राबड़ी देवी के साथ मारपीट करने का आरोप भी लगाया।
तेजप्रताप ने कहा कि कथित घटना के समय दो-तीन विधायक वहां मौजूद थे। उन्होंने दावा किया कि इस घटना से जुड़ा वीडियो और सीसीटीवी फुटेज भी उनके पास है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
2018 में हुई थी शादी
तेजप्रताप यादव और ऐश्वर्या राय की शादी 12 मई 2018 को हुई थी। ऐश्वर्या बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा राय की पोती और चंद्रिका राय की बेटी हैं।
शादी के कुछ समय बाद दोनों के रिश्तों में विवाद सामने आने लगा। साल 2019 में ऐश्वर्या राय ने राबड़ी देवी और राबड़ी आवास के गार्ड पर मारपीट के आरोप लगाए थे। उन्होंने फोन छीनने का आरोप भी लगाया था।
इसके बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद बढ़ता गया और मामला तलाक तक पहुंच गया। ऐश्वर्या राय ने भी तेजप्रताप पर कई आरोप लगाए थे। उन्होंने मारपीट और कथित अफेयर को लेकर सवाल उठाए थे।
तेजप्रताप यादव और ऐश्वर्या राय के तलाक का मामला अभी अदालत में चल रहा है। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों पर अंतिम फैसला अदालत की प्रक्रिया के बाद ही होगा।




