फॉण्ट कनवर्टर NEW

JPSC-JSSC छात्रों का आंदोलन तेज, छह बैरिकेडिंग पार कर विधानसभा की ओर बढ़े प्रदर्शनकारी

झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में छात्रों का आंदोलन सोमवार को और तेज हो गया। विधानसभा घेराव के लिए मार्च कर रहे छात्रों ने रास्ते में लगी कई बैरिकेडिंग को पार कर लिया।

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में छात्रों का आंदोलन सोमवार को और तेज हो गया। विधानसभा घेराव के लिए मार्च कर रहे छात्रों ने रास्ते में लगी कई बैरिकेडिंग को पार कर लिया। रांची योगदा सत्संग महाविद्यालय के पास छात्रों ने कंटीले तारों वाली बैरिकेडिंग को भी उखाड़ दिया और विधानसभा की ओर आगे बढ़ गए।

प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुरानी विधानसभा से नई विधानसभा तक छह जगहों पर बैरिकेडिंग की गई थी। हालांकि, छात्र एक-एक कर सभी बाधाओं को पार करते हुए आगे बढ़ रहे हैं।

नौ दिन से अनशन कर रहे देवेंद्र महतो भी मार्च में शामिल

छात्र आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल देवेंद्र नाथ महतो भी सोमवार को विधानसभा मार्च में शामिल हुए। वह पिछले नौ दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। अनशन के कारण उनकी तबीयत कमजोर हो गई है और वह पैदल चलने की स्थिति में नहीं हैं।

ऐसे में छात्रों ने उन्हें अपने कंधों पर उठाकर मार्च में आगे बढ़ाया। इस दौरान छात्रों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। देवेंद्र महतो ने हाथ में तिरंगा लेकर छात्रों के साथ मार्च किया।

सरकार और छात्रों के बीच बातचीत बेनतीजा

इससे पहले रविवार को राज्य सरकार की विशेष समिति और छात्र प्रतिनिधियों के बीच करीब पांच घंटे तक तीन दौर की बातचीत हुई थी। हालांकि, बैठक में कोई समाधान नहीं निकल सका।

वार्ता विफल होने के बाद छात्रों ने आंदोलन जारी रखने का फैसला किया और सोमवार को विधानसभा मार्च शुरू किया।

CM आवास घेरने पहुंचे BJP नेता हिरासत में

वहीं, छात्रों के विधानसभा मार्च के बीच भाजपा ने भी मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया। JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के मुद्दे को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों को हटाने के दौरान पुलिस ने कई भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। इनमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू भी शामिल हैं।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों के मार्च और भाजपा के प्रदर्शन को देखते हुए रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram