Ranchi : JPSC और JSSC के छात्रों के विधानसभा घेराव को देखते हुए रांची में प्रशासन ने सुरक्षा की पूरी तैयारी कर ली है। प्रदर्शन को देखते हुए कई प्रमुख जगहों पर चार लेयर की बैरिकेडिंग की गई है। प्रशासन की ओर से बैरिकेडिंग लगाने का काम अभी भी जारी है।
मुख्यमंत्री आवास जाने वाले रास्ते के साथ हरमू रोड, अरगोड़ा, बिरसा चौक, जगन्नाथपुर, विधानसभा चौक, बजरंगी चौक और नए विधानसभा भवन के आसपास भी बैरिकेडिंग की गई है।
प्रदर्शन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए करीब 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। बिरसा चौक से विधानसभा तक अलग-अलग चौक-चौराहों पर महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
प्रदर्शन के उग्र होने की स्थिति में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन भी तैयार रखा गया है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए सिटी एसपी पारस राणा और ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी जगन्नाथपुर चौक पर मौजूद हैं।
दोनों अधिकारी मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत कर रहे हैं और अभ्यर्थियों को रोकने की रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं। प्रशासन की कोशिश है कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो।




