Madhubani: बिहार के मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई। धकजरी-बेनीपट्टी रोड पर मॉर्निंग वॉक से लौट रही महिलाओं के समूह में से तीन को स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जबकि आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर कार्रवाई की मांग की।
मॉर्निंग वॉक से लौट रही थीं महिलाएं
जानकारी के अनुसार, छह महिलाओं का समूह रोजाना की तरह रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने तीन महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि तीनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गया।
तीनों मृतक एक ही गांव की रहने वाली थीं
मृतकों की पहचान अरेर थाना क्षेत्र के धकजरी नव टोली गांव की रीता देवी (42), पत्नी पच्चू साह, किरण देवी (40), पत्नी राजू महतो और फूल दाई देवी (70), पत्नी अरुण झा के रूप में हुई है। तीनों महिलाएं एक ही गांव की रहने वाली थीं।
हादसे के बाद सड़क पर लगा जाम
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और कार्रवाई की मांग की। जगदंबा पेट्रोल पंप के पास सड़क के दोनों तरफ करीब एक-एक किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। इससे सड़क पर भारी जाम की स्थिति बन गई।
पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे
सूचना मिलने के बाद बेनीपट्टी और अरेर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। बेनीपट्टी डीसीपी अमित कुमार डलवाल भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। पुलिस अधिकारी और जनप्रतिनिधि आक्रोशित लोगों और मृतकों के परिजनों को समझाने में जुटे रहे। सड़क जाम खुलवाने के लिए भी प्रयास किया गया।
फरार चालक की तलाश जारी
डीसीपी अमित कुमार डलवाल के अनुसार, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद मौके पर कानून व्यवस्था बनाए रखने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। हादसे की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव में पसरा मातम
तीन महिलाओं की मौत के बाद धकजरी नवटोली गांव में मातम का माहौल है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने हादसे के जिम्मेदार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।





