फॉण्ट कनवर्टर NEW

मोरहाबादी मैदान में आज से शुरू होगा दो दिवसीय आदिवासी महोत्सव

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रांची के मोरहाबादी मैदान में रविवार से दो दिवसीय आदिवासी महोत्सव शुरू होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर राज्य सरकार के कई मंत्री और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रांची के मोरहाबादी मैदान में रविवार से दो दिवसीय आदिवासी महोत्सव शुरू होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर राज्य सरकार के कई मंत्री और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

महोत्सव में झारखंड की जनजातीय संस्कृति, परंपरा और जीवनशैली की झलक देखने को मिलेगी। राज्य की 32 जनजातियों की गौरवशाली परंपराओं और उनके संघर्ष की गाथा को भी प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम में झारखंड के 600 से अधिक कलाकार हिस्सा लेंगे।

महोत्सव में मुंडारी, कुडुख, संथाली, हो और खड़िया सहित कई जनजातीय समुदायों के कलाकार पारंपरिक नृत्य और संगीत की प्रस्तुति देंगे। पंचपरगनिया, कुरमाली, नागपुरी और खोरठा भाषाओं में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

मोरहाबादी मैदान में पारंपरिक खानपान, वेशभूषा और जनजातीय संस्कृति से जुड़े कई पवेलियन बनाए गए हैं। मैदान के प्रवेश द्वारों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है।

नितेश कच्छप समेत कई कलाकार देंगे प्रस्तुति

महोत्सव में झारखंड के लोकगायक और कलाकार नितेश कच्छप अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा कई अन्य जनजातीय कलाकार भी पारंपरिक गीत और नृत्य प्रस्तुत करेंगे।

आदिवासी जीवन पर आधारित फिल्मों की होगी स्क्रीनिंग

महोत्सव के दौरान अमर शहीद चांद-भैरव मुर्मू मंडप में विशेष फिल्म स्क्रीनिंग भी होगी। इसमें आदिवासी जीवन, संस्कृति और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी शॉर्ट फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ पैनल डिस्कशन और फिल्म मेकिंग पर मास्टर क्लास भी आयोजित होगी।

वंदना दादेल ने तैयारियों का लिया जायजा

महोत्सव की तैयारियों को लेकर गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल ने शुक्रवार को मोरहाबादी मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को वीवीआईपी आवागमन, सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, पेयजल, बिजली, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि महोत्सव में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram