Ranchi : झारखंड में मानसून सक्रिय है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में पिछले कई दिनों से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने रविवार को भी कई इलाकों में बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा और जामताड़ा समेत आसपास के इलाकों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। इन क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बारिश और वज्रपात की आशंका है।
वहीं रांची, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, धनबाद और बोकारो समेत उत्तर-पश्चिम और मध्य झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 10 से 12 अगस्त तक पूरे राज्य में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और मेघगर्जन होने की संभावना है।
कई जिलों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटे में झारखंड के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। रांची में शनिवार को 7.4 मिलीमीटर बारिश हुई। इस दौरान रांची का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
इसके अलावा जमशेदपुर में 52.4 मिलीमीटर, डाल्टनगंज में 13.6 मिलीमीटर, चाईबासा में 9.4 मिलीमीटर और बोकारो में 3.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।




