रांची। झारखंड की आदिवासी संस्कृति, परंपरा और विरासत को समर्पित दो दिवसीय आदिवासी महोत्सव 2026 का आयोजन कल से रांची के मोरहाबादी मैदान में होगा। महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए अपर मुख्य सचिव, गृह विभाग वंदना दादेल ने शुक्रवार को आयोजन स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों के साथ सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, बिजली, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी काम समय पर पूरा करने और आयोजन के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया। दादेल ने मुख्य मंच, विभिन्न विभागों और संस्थाओं के स्टॉल तथा पार्किंग क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा।
उन्होंने कहा कि आदिवासी महोत्सव झारखंड की समृद्ध संस्कृति और पहचान को देश-दुनिया के सामने रखने का महत्वपूर्ण अवसर है।
निरीक्षण के दौरान कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, विशेष सचिव सूचना एवं जनसंपर्क विभाग राजीव लोचन बक्शी, संयुक्त निदेशक आनंद, निदेशक टीआरआई आलोक एस. कच्छप सहित कई अधिकारी और एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।




