नई दिल्ली: LPG सिलेंडर की डिलीवरी के लिए लंबा इंतजार करने वाले ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। इंडियनऑयल ने ‘इंडेन एक्सट्रालाइट नाउ’ नाम से प्रीमियम डिलीवरी सेवा शुरू की है। इसके तहत बुकिंग के करीब 3 से 4 घंटे के अंदर सिलेंडर घर पहुंचाने का दावा किया गया है।
10 किलो का कंपोजिट सिलेंडर
इस सेवा में 10 किलोग्राम का कंपोजिट सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। यह पारंपरिक स्टील सिलेंडर की तुलना में हल्का है और इसमें जंग लगने की समस्या नहीं होती। इसका पारदर्शी डिजाइन होने के कारण ग्राहक बाहर से ही सिलेंडर में बची गैस की मात्रा देख सकते हैं।
यह सिलेंडर खासतौर पर छोटे परिवारों और अकेले रहने वाले लोगों के लिए सुविधाजनक बताया गया है।
ऐसे करें बुकिंग
ग्राहक IndianOil ONE App, IndianOil Customer Portal और WhatsApp के जरिए LPG रिफिल बुक कर सकते हैं। WhatsApp से बुकिंग के लिए 7588888824 नंबर पर मैसेज किया जा सकता है।
कंपनी के मुताबिक यह सुविधा चुनिंदा इंडेन डिस्ट्रीब्यूटर नेटवर्क और रिटेल आउटलेट्स पर उपलब्ध होगी। उदाहरण के तौर पर, सुबह 7 बजे बुकिंग करने पर करीब 10 बजे तक डिलीवरी का लक्ष्य रखा गया है।




