Patna: मां जानकी की जन्मस्थली सीतामढ़ी के पुनौराधाम में भव्य मंदिर का निर्माण 31 दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार, 8 अगस्त 2026 को पुनौराधाम मंदिर में मां जानकी की पूजा-अर्चना की और निर्माणाधीन मंदिर परिसर के विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि तय समयसीमा तक मां जानकी को भव्य मंदिर में स्थापित कर दिया जाएगा।
Read more: बिहार के पुनौराधाम में मां सीता के भव्य मंदिर का शिलान्यास, अमित शाह ने रखी आधारशिला
मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से मां जानकी की पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने पुनौराधाम मंदिर परिसर में नवनिर्मित अस्थायी काष्ठ मंडप में भगवान श्रीराम और माता सीता की प्रतिमाओं को स्थापित किया।
31 दिसंबर 2028 तक पूरा होगा मंदिर निर्माण
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से मां सीता की जन्मस्थली पुनौराधाम में निर्माणाधीन भव्य माता सीता मंदिर परिसर के निर्माण कार्यों की ताजा स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने प्रस्तावित मां जानकी मंदिर के मॉडल के माध्यम से मुख्यमंत्री को मंदिर और परकोटा, यज्ञ मंडप, अनुष्ठान मंडप, पीठाधीश्वर निवास, म्यूजियम, ऑडिटोरियम और महिला हाट सहित प्रस्तावित भवनों की जानकारी दी। श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं के बारे में भी उन्हें विस्तार से बताया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 दिसंबर 2028 तक मंदिर का निर्माण पूरा कर मां जानकी को भव्य मंदिर में स्थापित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुनौराधाम मां जानकी की जन्मभूमि होने के कारण बिहार की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। इस पवित्र धाम का समग्र विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
Read more: पुनौराधाम को मिलेगा नया स्वरूप! नीतीश सरकार ने 883 करोड़ रुपये क्यों किए मंजूर?
पुनौराधाम के विकास से बढ़ेगा धार्मिक पर्यटन
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुनौराधाम के विकास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के अवसर भी बढ़ेंगे। इस मौके पर बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
बज्जिका और सिक्की कला की प्रदर्शनी देखी
मुख्यमंत्री ने पुनौराधाम मंदिर परिसर में बज्जिका कला और सिक्की कला पर आधारित शिल्प प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्थानीय कला और शिल्प की विविधता के साथ कलाकारों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों की जानकारी ली। पुनौराधाम मंदिर प्रबंधन की ओर से मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।
ये प्रमुख लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, उद्योग एवं खेल तथा सीतामढ़ी जिले की प्रभारी मंत्री श्रेयसी सिंह, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नन्द किशोर राम, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता और समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता मौजूद रहीं।
Read more: पुनौराधाम में करोड़ों की लागत से बनेगा सीता मैया का भव्य मंदिर, अमित शाह करेंगे भूमि पूजन
कार्यक्रम में सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, विधायक बैद्यनाथ प्रसाद, विधायक गायत्री देवी, विधायक सुनील कुमार पिंटू, विधायक पंकज कुमार मिश्रा, विधायक प्रोफेसर नागेंद्र राउत, विधायक अनिल कुमार, विधायक रामेश्वर कुमार महतो और विधायक अमित कुमार भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह, तिरहुत प्रक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक चंदन कुशवाहा, जिलाधिकारी रिचि पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक अमित रंजन सहित मंदिर प्रबंधन से जुड़े गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।





