फॉण्ट कनवर्टर NEW

JPSC-JSSC विवाद: CM आवास घेराव करने निकले ABVP छात्र, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों का आंदोलन अब सड़क पर भी तेज होता दिख रहा है। शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव करने के लिए मार्च पर निकले।

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi : झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों का आंदोलन अब सड़क पर भी तेज होता दिख रहा है। शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव करने के लिए मार्च पर निकले। पुलिस ने उन्हें मुख्य मार्ग पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया।

प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन के कारण मुख्य सड़क पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति भी बन गई।

हाथों में बिरसा मुंडा की तस्वीर, सरकार के खिलाफ नारे

प्रदर्शन में शामिल कई छात्रों के हाथों में धरती आबा बिरसा मुंडा की तस्वीरें और पोस्टर नजर आए। छात्रों ने JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग की। उनका कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में लगातार विवाद सामने आने से हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य पर असर पड़ रहा है।

छात्रों ने हिरासत में लेने का किया दावा

प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने दावा किया कि पुलिस ने करीब 8 से 10 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। हालांकि, हिरासत में लिए गए छात्रों की संख्या को लेकर पुलिस की ओर से तत्काल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

CBI जांच की मांग

आंदोलनकारी छात्रों ने JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। छात्रों का कहना है कि फिलहाल राज्य सरकार के अधीन CID मामले की जांच कर रही है, लेकिन उन्हें इस जांच पर भरोसा नहीं है।

छात्र संगठनों ने पूरे मामले की जांच CBI से कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि कई बार विवादों में रही या ब्लैकलिस्टेड एजेंसियों को भी परीक्षा आयोजित कराने की जिम्मेदारी दी जाती है।

भूख हड़ताल कर रहे छात्रों का दिया हवाला

प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि उनके कई साथी पिछले कई दिनों से आंदोलन और भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इसके बावजूद उनकी मांगों पर सरकार की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

छात्र नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक और ठोस फैसला नहीं लिया, तो 11 अगस्त को विधानसभा का घेराव किया जाएगा।

पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की मांग

छात्र नेताओं का कहना है कि उनका आंदोलन किसी एक परीक्षा तक सीमित नहीं है। वे JPSC और JSSC की सभी भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।

फिलहाल मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिस की तैनाती जारी है और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका जा रहा है। अब सभी की नजर सरकार और छात्र संगठनों के बीच होने वाली अगली बातचीत पर है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram