रांची : रांची में JPSC-JSSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर डुमरी विधायक जयराम महतो ने शनिवार को स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य और उनकी मौजूदा स्थिति की जानकारी स्वास्थ्य मंत्री को दी।
मेडिकल टीम के साथ प्रदर्शन स्थल जाने की अपील
जयराम महतो ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से प्रदर्शन स्थल पर जाकर आंदोलनरत छात्रों से मिलने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इरफान अंसारी स्वास्थ्य मंत्री होने के साथ-साथ डॉक्टर भी हैं, इसलिए उन्हें खुद छात्रों के बीच जाना चाहिए।
जयराम महतो ने स्वास्थ्य मंत्री से अपने साथ मेडिकल टीम ले जाने और आंदोलन कर रहे छात्रों के स्वास्थ्य की जांच कराने की भी अपील की।
छात्रों से जल्द बातचीत की मांग
जयराम महतो ने कहा कि JPSC-JSSC अभ्यर्थियों से जल्द बातचीत होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सरकार और छात्रों के बीच संवाद होना जरूरी है। जयराम महतो ने यह भी कहा कि अगर स्वास्थ्य मंत्री खुद प्रदर्शन स्थल पर नहीं जाते हैं, तो वह उन्हें अपने साथ छात्रों के बीच लेकर जाएंगे।




