रांची: रांची नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने शुक्रवार को शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान लाइन टैंक मार्ग से करमटोली चौक और किशोरगंज चौक से गाड़ीखाना चौक तक कार्रवाई की गई।
लाइन टैंक-करमटोली मार्ग पर नगर निगम ने 8 अस्थायी अवैध ढांचों को हटाया। साथ ही सड़क किनारे लगी 2 गुमटियां और 3 ठेलों को जब्त किया गया। इसके अलावा तीन व्यावसायिक भवनों के फ्रंट सेटबैक और पार्किंग क्षेत्र में लगाए गए अवैध होर्डिंग्स और बोर्ड भी हटाए गए।
वहीं, किशोरगंज-गाड़ीखाना मार्ग पर दो भवनों के फ्रंट सेटबैक में बने अवैध निर्माणों को तोड़ा गया। नाली के ऊपर बनाई गई अवैध बाउंड्री वॉल को भी ध्वस्त कर दिया गया। गिफ्ट डीड की जमीन पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण भी हटाए गए।
नगर निगम ने भवन मालिकों और नागरिकों को चेतावनी दी है कि पार्किंग स्थल, फ्रंट सेटबैक और सार्वजनिक जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा या व्यावसायिक उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगम ने कहा कि शहर के अन्य इलाकों में भी अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहेगा।




