रांची: कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ जारी धरपकड़ अभियान के तहत रांची पुलिस ने उसके बेहद करीबी गुर्गे राणा राहुल सिंह के खिलाफ कानूनी शिकंजा कस दिया है। अदालत से प्राप्त आदेश के बाद शुक्रवार को पुलिस ने लालपुर थाना क्षेत्र स्थित राणा राहुल सिंह के आवास पर ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच औपचारिक इश्तहार चस्पा किया।
इस विशेष कार्रवाई का नेतृत्व एयरपोर्ट थाना प्रभारी पंकज शर्मा ने किया। पुलिस टीम ने आरोपी के घर पहुंचकर ढोल-नगाड़े बजाकर आसपास के लोगों और सार्वजनिक रूप से अदालत के आदेश का ऐलान किया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मकान की दीवार पर इश्तहार चिपकाया गया। पुलिस ने सख्त हिदायत दी है कि आरोपी तय समय-सीमा के भीतर अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करे, अन्यथा उसके खिलाफ आगे की कड़ी कुर्की-जब्ती जैसी कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में प्रिंस खान गैंग के माध्यम से कारोबारियों को धमकी देने व रंगदारी वसूलने के बढ़ते मामलों के बीच पुलिस लगातार उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी है। राणा राहुल सिंह लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके बाद अदालत ने उसके खिलाफ यह कड़ा कदम उठाने का निर्देश दिया था।





