रांची: मारवाड़ी युवा मंच रांची समर्पण शाखा की ओर से तीन दिवसीय ‘सावन मेला’ का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शाखा अध्यक्ष शुभा अग्रवाल के नेतृत्व में किया गया। उद्घाटन समारोह में रांची की महापौर रोशनी खलखो मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
महापौर रोशनी खलखो ने मेले में स्टॉल लगाने वाली महिला उद्यमियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि महिलाएं स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार को बेहतर तरीके से संभाल सकती हैं। उनके इस संदेश से महिला कारोबारियों में उत्साह देखने को मिला।
अग्रसेन भवन में लगे 75 से ज्यादा स्टॉल
सावन मेले का आयोजन अपर बाजार स्थित अग्रसेन भवन में किया गया है। मेले में 75 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इसमें रांची के अलावा रामगढ़, हजारीबाग, भागलपुर, कोलकाता और सूरत समेत कई जगहों से आए उद्यमी अपने उत्पाद लेकर पहुंचे हैं।
मेले में हाथ से बने उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यहां कपड़े, हस्तशिल्प, घरेलू सजावट की सामग्री, ज्वेलरी, गिफ्ट आइटम, राखियां, साड़ियां, लड्डू गोपाल की पोशाक, पर्स, वंदनवार, बेकरी उत्पाद, चप्पल और कई तरह के व्यंजन उपलब्ध हैं।
आयोजन को सफल बनाने में सदस्यों की अहम भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में शाखा अध्यक्ष शुभा अग्रवाल, सचिव रेखा राईका, कोषाध्यक्ष स्मिता अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजिका रोजी खंडेलवाल, कविता सोमानी, अनीता सोमानी, कुशा जालान और रितु पोद्दार समेत समर्पण शाखा की सभी सदस्यों का योगदान रहा।
मीडिया प्रभारी वेदिका सिंघानिया ने बताया कि मेले में लोगों का अच्छा उत्साह देखने को मिल रहा है।
Read more ; कैबिनेट का बड़ा फैसला: गोबरधन योजना को मंजूरी, 23,731 करोड़ रुपये होंगे खर्च




