नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने देश के ऊर्जा और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए दो बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दी है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि सरकार ने 23,731 करोड़ रुपये के बजट वाली ‘गोबरधन योजना’ को मंजूरी दी है। यह योजना वर्ष 2026-27 से 2035-36 तक लागू की जाएगी।
इस योजना का उद्देश्य देश में कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) के उत्पादन को बढ़ावा देना है। इसके तहत पराली, पशुओं का गोबर, गन्ने की प्रेस मड और शहरी गीले कचरे से स्वच्छ ईंधन और जैविक खाद तैयार की जाएगी। सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में आय के नए अवसर पैदा करना और प्रदूषण को कम करना है।
गुवाहाटी-तेजपुर NH-15 फोर-लेन कॉरिडोर को मंजूरी
कैबिनेट ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर करने के लिए 8,970.20 करोड़ रुपये की लागत से गुवाहाटी-तेजपुर NH-15 कॉरिडोर के विकास को भी मंजूरी दी है। करीब 135.871 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट को फोर-लेन एक्सेस-कंट्रोल हाईवे के रूप में विकसित किया जाएगा।
यह परियोजना असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच यातायात को आसान बनाएगी और मौजूदा NH-27 पर वाहनों का दबाव कम करेगी। इसे ‘बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर’ (BOT) टोल मॉडल पर तैयार किया जाएगा।
हाईवे पर बनेगी इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी और एलीफेंट अंडरपास
परियोजना के तहत तेजपुर बाईपास पर 4.9 किलोमीटर लंबी इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF) बनाई जाएगी। इसका निर्माण भारतीय वायुसेना के सहयोग से किया जाएगा।
इसके अलावा बैहाता चारियाली, सिपाझार, खरुपेटिया, ढेकियाजुली और तेजपुर जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पांच बड़े बाईपास बनाए जाएंगे। सड़क सुरक्षा और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए 15 बड़े पुल, 30 छोटे पुल, 19 फ्लाईओवर, 46 अंडरपास और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए तेजपुर बाईपास पर एलीफेंट अंडरपास का निर्माण भी किया जाएगा।




