नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने कैबिनेट सचिव डॉ. टी.वी. सोमनाथन और केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन को एक साल का सेवा विस्तार दिया है। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल बढ़ाने को मंजूरी दे दी है।
आदेश के अनुसार, कैबिनेट सचिव टी.वी. सोमनाथन अब 30 अगस्त 2026 तक अपने पद पर बने रहेंगे, जबकि गृह सचिव गोविंद मोहन का कार्यकाल 22 अगस्त 2026 तक बढ़ाया गया है।
डॉ. टी.वी. सोमनाथन ने अगस्त 2024 में कैबिनेट सचिव का पद संभाला था। वह 1987 बैच के तमिलनाडु कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। वे प्रधानमंत्री कार्यालय, वित्त मंत्रालय, विश्व बैंक और तमिलनाडु सरकार में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
वहीं, गोविंद मोहन 1989 बैच के सिक्किम कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। कैबिनेट सचिवालय, वित्त मंत्रालय, संस्कृति मंत्रालय और गृह मंत्रालय में उन्होंने कई अहम पदों पर काम किया है। अगस्त 2024 में उन्होंने केंद्रीय गृह सचिव का पद संभाला था।
सरकार ने दोनों अधिकारियों के अनुभव और प्रशासनिक क्षमता को देखते हुए उनके कार्यकाल में विस्तार का फैसला लिया है।




