पलामू : पलामू जिले में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों की बहाली लिखित परीक्षा के आधार पर कराने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने मंगलवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता सत्यनारायण शुक्ला ने कहा कि चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों की नियुक्ति मैट्रिक के अंकों के आधार पर नहीं, बल्कि लिखित परीक्षा के माध्यम से की जानी चाहिए। उन्होंने परीक्षा का सिलेबस और तिथि जल्द जारी करने की मांग की।
सत्यनारायण शुक्ला ने बताया कि इस मांग को लेकर अभ्यर्थी पिछले 16 महीनों से प्रयास कर रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, कार्मिक सचिव और वित्त मंत्री समेत कई अधिकारियों को आवेदन दिया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि अब पलामू में ही अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया गया है। जब तक लिखित परीक्षा के आधार पर बहाली की मांग पूरी नहीं होती, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।
इस मौके पर अनूप पासवान, सोनू सागर समेत कई अभ्यर्थी और समर्थक मौजूद रहे।
Read More : PM आवास मार्च से पहले रोके गए केजरीवाल, फिरोजशाह रोड पर दिया धरना




