Patna: सीएम सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पटना के दानापुर स्थित नासरीगंज घाट से पानापुर घाट के बीच निःशुल्क स्टीमर (फेरी) सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर सेवा की शुरुआत की और स्टीमर का निरीक्षण करने के साथ यात्रियों से भी बातचीत की। इस अवसर पर जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने फेरी सेवा की विस्तृत जानकारी सीएम को दी।
66 हजार से अधिक लोगों को मिलेगा लाभ
नासरीगंज घाट, दानापुर (पटना) से पानापुर घाट तक गंगा जी में आधुनिक स्टीमर (फेरी) सेवा के परिचालन का शुभारंभ किया।
यह नई जल परिवहन सेवा आमजन के लिए सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध आवागमन सुनिश्चित करेगी। साथ ही, गंगा के दोनों तटों के बीच संपर्क को सुदृढ़ कर क्षेत्रीय विकास, व्यापार,… pic.twitter.com/lbrNcNlh9O
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) August 4, 2026
राज्य सरकार के अनुसार, इस निःशुल्क फेरी सेवा से दानापुर प्रखंड के दियारा क्षेत्र की छह ग्राम पंचायतों—पुरानी पानापुर, मानस, कासिमचक, हेतनपुर, गंगहारा और पतलापुर के 66 हजार से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। सीएम ने कहा कि इस सेवा से आवागमन आसान होगा और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
किसानों और व्यापारियों को होगी सुविधा
सीएम ने कहा कि फेरी सेवा शुरू होने से दियारा क्षेत्र के किसानों, सब्जी एवं फल उत्पादकों, दुग्ध उत्पादकों और विक्रेताओं को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी। इससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान यह सेवा लोगों के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी।
स्कूल, आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य सेवाओं को भी लाभ
दियारा क्षेत्र में वर्तमान में 58 विद्यालय, 95 आंगनबाड़ी केंद्र, 3 स्वास्थ्य उपकेंद्र और पंचायत कार्यालय संचालित हैं। सरकार के अनुसार, फेरी सेवा शुरू होने से शिक्षकों, स्वास्थ्यकर्मियों, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं और पंचायत कर्मियों के लिए कार्यस्थल तक पहुंचना अधिक आसान होगा।
मानसून में मिलेगा सुरक्षित विकल्प
गंगा नदी पर दियारा क्षेत्र को जोड़ने वाला पीपा पुल सामान्यतः नवंबर से 15 जून तक संचालित होता है। इसके बाद मानसून के दौरान पुल हटाए जाने से लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सरकार का कहना है कि निःशुल्क स्टीमर सेवा इस अवधि में सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध कराएगी।
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधान पार्षद अनामिका सिंह, सीएम के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सीएम के सचिव संजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।





