New Delhi : थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रही Air India की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में मंगलवार को अचानक तेज टर्बुलेंस के कारण अफरातफरी मच गई। दिल्ली पहुंचने से कुछ समय पहले विमान तेज हवाई झटकों की चपेट में आ गया, जिससे कई यात्री अपनी सीटों से उछल गए और उन्हें चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार, Air India की फ्लाइट AI-2379 फुकेत से दिल्ली आ रही थी। दिल्ली के पास पहुंचते ही विमान को अचानक तेज झटके लगने लगे। टर्बुलेंस इतना ज्यादा था कि कुछ यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला और वे सीटों से टकरा गए।
घटना के दौरान कई यात्रियों को कान और गर्दन में चोटें आईं। विमान में कुछ समय के लिए डर का माहौल बन गया, लेकिन पायलटों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतार लिया।
लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट पर मौजूद मेडिकल टीम ने घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिया। फिलहाल किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद एयरलाइन और संबंधित उड्डयन सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




