Ranchi : दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर आज उनके पैतृक गांव नेमरा में मुख्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड स्थित नेमरा में सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहुंचेगे और दिशोम गुरु की आदमकद प्रतिमा का अनावरण करेंगे। प्रतिमा अनावरण के बाद पैतृक आवास में सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार शिबू सोरेन की तस्वीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
इस विशेष अवसर पर नेमरा-लुकैयाटांड मैदान में एक भव्य ‘विकास मेला सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम’ का भी आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यहां विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और उन्हें सीधे योजनाओं से जोड़ा जाएगा। साथ ही, सीएम विभिन्न विकास योजनाओं का अवलोकन करने के बाद योग्य लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण करेंगे।
आयोजन में झारखंड सरकार के कई मंत्री, विधायक, सांसद, झारखंड आंदोलनकारी और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं।
दिशोम गुरु शिबू सोरेन के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए न केवल झारखंड, बल्कि पड़ोसी राज्यों—उड़ीसा, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल से भी उनके समर्थकों और प्रशंसकों का नेमरा पहुंचने का सिलसिला जारी है। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय प्रशासन और आयोजकों की ओर से सुरक्षा व व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
Read More : रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट, जानें अगले 5 दिनों का हाल




