फॉण्ट कनवर्टर NEW

JPSC भर्ती परीक्षा मामले में CID एक्शन मोड में, राज्य में 20 से ज्यादा ठिकानों पर की छापेमारी

JPSC 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही झारखंड CID ने रांची समेत कई जिलों में 20 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की।

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi: जेपीएससी (JPSC) 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही झारखंड सीआईडी ने सोमवार को कई जिलों में एक साथ बड़ी कार्रवाई की। जांच एजेंसी की टीमों ने रांची, धनबाद, बोकारो, देवघर, गोड्डा, रामगढ़, हजारीबाग और पलामू सहित 20 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दायरे में रांची के धुर्वा और नामकुम इलाके में संचालित कुछ कोचिंग संस्थान और उनसे जुड़े परिसर भी शामिल रहे।

कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज जब्त

छापेमारी के दौरान जांच टीमों ने कई स्थानों से महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल फोन, डिजिटल स्टोरेज डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए। इन सभी साक्ष्यों का फोरेंसिक परीक्षण कराया जाएगा। इससे पहले भी सीआईडी ने JPSC कार्यालय और परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी टीडीपीएल के कार्यालय में छापेमारी कर दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए थे।

अब तक 11 लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी

जांच के दौरान अब तक आयोग और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सीआईडी इन गिरफ्तारियों और पूछताछ से मिले इनपुट के आधार पर जांच का दायरा लगातार बढ़ा रही है। एजेंसी परीक्षा संचालन, प्रश्नपत्र प्रबंधन, मूल्यांकन प्रक्रिया और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच कर रही है।

पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते से फिर पूछताछ

मामले में JPSC के पूर्व अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्य सचिव एल. ख्यांगते से पहले भी कई चरणों में पूछताछ हो चुकी है। उन्हें सोमवार को एक बार फिर पूछताछ के लिए बुलाया गया है। जांच एजेंसी बरामद दस्तावेजों और डिजिटल डेटा का विश्लेषण कर रही है। इसके आधार पर आने वाले दिनों में नए खुलासे और अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

उल्लेखनीय है कि 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद से अभ्यर्थी कथित धांधली का आरोप लगाते हुए लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। रांची में छात्रों का आंदोलन अभी भी जारी है और वे परीक्षा रद्द करने के साथ निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram